Site icon Yuti News

कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए ड्रॉ प्रक्रिया पूरी

Draw process for Kailash Mansarovar Yatra completed

विदेश मंत्रालय की ओर से आयोजित की जा रही कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए यात्रियों का चयन आज एक कंप्यूटरीकृत ड्रॉ के माध्यम से किया गया। यात्रा का आयोजन जून से अगस्त तक किया जाएगा। विदेश राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने आज ड्रॉ किया। मंत्रालय ने कहा कि चयन प्रक्रिया में निष्पक्षता और लैंगिक संतुलन को सुनिश्चित किया गया है।

यात्रियों को उनके चयन की सूचना एसएमएस और ई-मेल के जरिए दी गई

विदेश मंत्रालय के अनुसार चयनित यात्रियों को उनके चयन की सूचना एसएमएस और ई-मेल के जरिए दी गई है। यात्री यात्रा की वेबसाइट (https://kmy.gov.in) पर जाकर अपने चयन की स्थिति देख सकते हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 011-23088133 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

इस वर्ष 5,561 आवेदकों ने ऑनलाइन कराया पंजीकरण 

इस वर्ष 5561 आवेदकों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया। इनमें 4024 पुरुष और 1537 महिलाएं थीं। कुल 750 यात्रियों का चयन किया गया है। इनमें प्रति बैच 2 स्थानीय अधिकारी भी होंगे। यात्रा में 5 बैच 50 यात्रियों के साथ लिपुलेख मार्ग से और 10 बैच 50 यात्रियों के साथ नाथू ला मार्ग से यात्रा करेंगे। दोनों मार्ग अब पूरी तरह से मोटर योग्य हैं और इनमें बहुत कम ट्रैकिंग करनी होगी।
 
मार्ग और बैच के विवरण यात्रा की वेबसाइट पर उपलब्ध

मार्ग और बैच के विवरण यात्रा की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। मंत्री सिंह ने अपने संबोधन में यात्रा को अधिक सुलभ बनाने और प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर प्रकाश डाला। उन्होंने यात्रियों से यात्रा को जिम्मेदारी, विनम्रता और सजगता के साथ करने की अपील की। उन्होंने पर्यावरण की पवित्रता को बनाए रखने का भी आग्रह किया।

उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी के कारण 2020 में यात्रा रुक गई थी। इसके बाद जून 2020 में गलवान घाटी में भारत-चीन के बीच सैन्य तनाव के कारण यह पूरी तरह बंद हो गई। हाल में दोनों देशों के बीच कूटनीतिक बातचीत और तनाव कम होने के बाद यात्रा को फिर से शुरू करने का फैसला लिया गया। 

Exit mobile version